एयरफोर्स ऑफिसर की पत्नी से रेप धर्मांतरण की कोशिश व वसूली का आरोप

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। नागपुर में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां एक एयरफोर्स ऑफिसर की पत्नी के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग कर धर्मांतरण का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में कम से कम दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक मौलाना अभी फरार बताया जा रहा है। महिला के साथ जबरदस्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में महिला आरोपी के चंगुल से छूटने का प्रयास कर रही है।


बता दें कि पुलिस ने अय्याज ताज मादरे और आमीन शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं तामिया निवासी हजरत मौलाना की पुलिस तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि महिला का पति वर्तमान में वायु सेना का अधिकारी है और इस समय दूसरे शहर में पोस्टेड है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अय्याज महिला को लेकर वर्धा रोड के एक होटल में गया था। इसके बाद उसने जूस में कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसने रेप किया और अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद से वह वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला का यौन शोषण करता रहा। ब्लैकमेल करके उसने तीन लाख से ज्यादा पैसे भी वसूल लिए। पीड़िता का पति जब घर लौटा तो महिला ने सारी बात उनसे बता दी। इसके बाद सोनगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रेप, वसूली, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण की कोशिश का आरोप लगाया है। इसके अलावा काला जादू प्रतिबंध कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।