चार बच्चों सहित पिता की दबकर मौत, मुजफ्फरनगर में कच्च मकान गिरने से हुआ हादसा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद में बारिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। तेज बारिश के कारण बुढ़ाना में फुगाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत हबीबपुर सीकरी गांव में एक कच्चा मकान गिर गया। जिसमें एक ही परिवार के पांच बच्चों सहित सात लोग मलबे में दब गए। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। मलबे से सभी को निकालकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस हादसे में मजदूर इस्लाम सहित उसके चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। 


जानकारी के अनुसार बारिश में गिरे मकान में 58 वर्षीय इस्लाम, उनकी 50 वर्षीय पत्नी रुकैया, 10 वर्षीय बेटी अलसीबा, सात वर्षीय बेटी सुमैया,  पांच वर्षीय बेटा आहद और एक वर्षीय बेटा जीशान घर में ही मौजूद थे। बारिश के साथ तेज हवा की वजह से मकान गिर गया जिसमें पूरा परिवार दब गया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। खबर पता चलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। तत्काल जेसीबी की मदद से मलबे को हटाया गया। घायलों को ग्रामीणों ने एक निजी वाहन और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने इस्लाम, रुखसार, आहद, अलसिबा और जीशान को मृत घोषित कर दिया। 


ग्रामीणों ने बताया कि जब यह हादसा हुआ उस समय परिवार खाना खा रहा था। अचानक से दीवार गिर गई। इसके तुरंत बाद छत नीचे आ गिरी। 
इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, सीओ फुगाना नरेन्द्र यादव, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने इस हादसे की जानकारी शासन को दी। उन्होंने कहा कि यह हादसा बहुत ही दुखद है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।