जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। (कपिल चावला)
अमरोहा के हसनपुर में गन्ने के खेत से मिले अधजले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक मुकेश ने गांव के ही सुखवीर को उधार दिए 15 हजार रुपये वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं।
दरअसल, हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के दीपपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत से मुकेश का अधजला शव और उसकी बाइक बरामद हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, मुकेश ने अपने गांव के ही रहने वाले सुखवीर को 15 हजार रुपये उधार दिए थे। जिसे उसने वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज हुई थी। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मुकेश को शराब पिलाई और बाद में उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया और मुकेश की मोटरसाइकिल को शव के ऊपर डालकर आग लगा दी गई। मामले में हसनपुर पुलिस ने सुखवीर और ओमकार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान धर्मेन्द्र और प्रदीप उर्फ नन्हे के नाम भी प्रकाश में आए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
उधार दिए पैसे मांगे तो कर दी हत्या, दो अभियुक्त गिरफ्तार, दो की तलाश
17-Sep-2026





