जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। आखिरकार भारत में बिना ड्राइवर पॉड टैक्सी का सपना साकार हो गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारत की पहली पॉड टैक्सी चलाई जाएगी। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने परियोजना का शिलान्यास किया। इससे भारत में यात्रा का भविष्य ही बदल जाएगा।
मुंबई में पूरा हो गया सपना
पॉड टैक्सी चलाने का सपना नोएडा में देखा गया था। अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में यह सपना पूरा हो गया। यह शहरी ट्रांसपोर्ट को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुंबई में पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट का शिलान्यास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। बता दें कि यह एक आॅटोमैटिक रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है। इसे मुंबई में कुर्ला और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बीच विकसित किया जा रहा है। इससे रोजमर्रा के यात्रियों की अंतिम-छोर तक पहुंच आसान होगी। चेम्बूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने भी शिरकत की।
पॉड टैक्सी पूरी तरह से ड्राइवर-रहित
यह पॉड टैक्सी पूरी तरह से ड्राइवर-रहित है और एक ऊंचे ट्रैक पर चलेगी। जो सिर्फ 8 इंच चौड़ा है और 8 मीटर ऊंचे खंभों के सहारे टिका होगा। इस टैक्सी की लंबाई 3.5 मीटर, चौड़ाई 1.47 मीटर और ऊंचाई सिर्फ 1.8 मीटर रखी गई है। यह एआई आधारित आॅटोमेटेड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम होगा। हर पॉड में 6 यात्री सवाल होंगे। इसके अलावा हर 15 सेकंड में इसकी सुविधा उपलब्ध होगी। इसकी खासियत यह होगी कि इसमें आॅन-डिमांड स्टॉप सिस्टम लागू होगा। यह प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ ठाणे-बोरीवली ट्विन टनल का भूमिपूजन भी हुआ। इस पॉड टैक्सी से मुंबई के ट्रैफिक जाम के बीच सफर करना काफी आसान हो जाएगा।
पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच होगी शुरू
पहले चरण में पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच शुरू होगी। ये टैक्सियां इस क्षेत्र में 3.36 किलोमीटर लंबे रूट पर चलेंगी। इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन होंगे। निर्धारित स्टॉप में बांद्रा ईस्ट, कलानगर, आबकारी विभाग, भारत डायमंड बोर्स गेट शामिल हैं। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स आने-जाने वाले कर्मचारियों को इस सेवा से काफी फायदा होने की उम्मीद है। वहीं 2031 तक पॉड टैक्सी के रूट को बढ़ाकर कुल 8.85 किलोमीटर करने की योजना है। इस विस्तारित नेटवर्क में 22 स्टेशन होंगे। शुरू में 38 स्टेशनों का प्रस्ताव रखा गया था। बाद में यह संख्या घटाकर 22 कर दी गई। इस बीच बीकेसी क्षेत्र के भीतर पॉड टैक्सी के रूट का और विस्तार किया जाएगा। इसमें एक सर्कुलर लूप जोड़ा जाएगा। पॉड टैक्सियां केवल इन निर्धारित स्टेशनों पर ही रुकेंगी और सर्कुलर लूप व्यवस्था यात्रियों को अपने विशिष्ट रूट चुनने की सुविधा देगी। इससे यात्रा का समय बचेगा।
200 मीटर के अंतराल पर वातानुकूलित स्टेशन
इस रूट पर हर 200 मीटर के अंतराल पर वातानुकूलित स्टेशन बनाए जाएंगे। इन टैक्सियों को अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चलने के लिए डिजाइन किया गया है। 2031 तक इस सेवा से 109,000 यात्रियों को सुविधा मिलने का अनुमान है। 2022 के अनुमानों के अनुसार, इसका किराया 21 रुपये प्रति किलोमीटर होने की संभावना है। इस प्रोजेक्ट पर 1,016 करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है। इन टैक्सियों का संचालन 2027 तक मुंबई के मार्गों पर शुरू होने की योजना है।





