दमोह, एजेंसी। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर ससुर की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि घटना बटियागढ़ थाना क्षेत्र के पिपरोधा गांव में सोमवार तड़के करीब चार बजे हुई। आरोपी की पहचान रामप्रसाद रैकवार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी रश्मि रैकवार के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। उन्होंने बताया कि दंपति कुछ समय पहले मजदूरी के लिए मुंबई भी गये थे जहां दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद रश्मि अपने मायके पिपरोधा आ गई थी और आरोपी भी उसके पीछे वहां पहुंच गया। परिजनों ने दोनों के बीच विवाद को देखते हुए रश्मि को कुछ दिन मायके में रहने की सलाह दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के आरोपी ने घर में सो रहे अपने करीब 65 वर्षीय ससुर रमेश रैकवार पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आहट सुनकर मृतक की बड़ी बेटी गंगाबाई बीच-बचाव करने पहुंची पर उस पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बटियागढ़ के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।
मप्र: पत्नी के चरित्र पर संदेह में दामाद ने ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, फरार
07-Sep-2026





