जन प्रवाद, ब्यूरो।
मुरादाबाद। मुरादाबाद में तेंदुआ को पकड़ने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 16 पिंजड़े लगाए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए और भी टीमों का और पिंजड़ों की आवश्यकता हो तो उन्हें भी लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा पहली प्राथमिक रहे।

यूपी के मुरदाबाद के जिलाधिकारी राजेन्द्र पेंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल ने तहसील ठाकुरद्वारा के लालपुर पीपलसाना गांव में सक्रिय तेंदुए पकड़ने की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए 16 पिंजड़े लगाए गए हैं। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थर्मल ड्रोन का भी प्रयोग किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए जरूर पड़े तो पिंजड़ों की संख्या और भी बढ़ाई जाए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ आयोजन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे रेस्क्यू अभियान में सक्रिय टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को क्षेत्र में सतर्कता बरतने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।





