जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। आईएमडी ने दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 देश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों में तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई हैं। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांच, जमुई, मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए 18 से 24 जून तक का विस्तृत अनुमान और चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में 18 से 22 जून के बीच अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 24 जून तक लगातार छिटपुट बारिश के आसार हैं। मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में भी 18 से 22 जून के बीच गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना प्रवल है।






