यूपी में मानसून ने दी दस्तक, आज 55 जिलों में बारिश का अलर्ट

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे यूपी के लोगों के लिए खुशखबरी है। आज उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में मानसून का इंतजार पूरी तरह से खत्म हो गया है। 30 जून को मानसून ने यूपी के सोनभद्र और महाराजगंज के रास्ते एंट्री की थी। इसका असर यह हुआ कि कल यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। कई जगह बारिश लोगों के लिए काल बनकर आई। सोनभद्र में मंगलवार शाम 4 बजे पिकनिक मनाने गए 3 लोग बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। एक अन्य की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के बाद नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे तीनों बह गए।


मौसम विभाग ने बुधवार यानी 1 जुलाई को प्रदेश के 55 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले 24 घंटे में मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। मानसून करीब 19 दिनों से यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका हुआ था। आमतौर पर मानसून 20 जून तक यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।


मौसम विभाग का कहना है कि केरल तट पर टकराने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून दो हिस्सों में बंट जाता है। एक अरब सागर की तरफ से केरल, गुजरात, राजस्थान में एंट्री करता है। दूसरा बंगाल की खाड़ी की तरफ से एंट्री लेता है। यूपी में बंगाल की खाड़ी की तरफ से आने वाला मानसून बारिश करवाता है। यूपी में मानसून पूर्वांचल की तरफ से एंट्री लेता है। इस बार भी इसी तरफ से एंट्री हुई है।