जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर मारपीट कर हत्या करने वाले पांच अभियुक्तों को सेक्टर-5 स्थित हरौला गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों का कहना है कि उसे चोर समझकर पीटा गया था जिससे उसकी मौत हो गई।
नोएडा के सेक्टर-5 स्थित हरौला गांव में एक 27 साल के युवक को क्या पता था कि उसका एक मकान के अंदर घुसना उसकी मौत बन जाएगा। पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्होंने जो बताया वह काफी हैरान करने वाला है। उनका कहना है कि वे सभी किराए के मकान में रहते हैं। प्रमोद नामक जिस व्यक्ति की मौत हुई है उसे गिरफ्तार अभियुक्तों में से कोई भी नहीं जानता था।
जब इन लोगों ने उसे देखा तो लगा कि यह चोर हो सकता है। बस फिर क्या था चोर समझते ही इन लोगों ने उसे जमकर पीटना शुरू कर दिया। उसे इतना पीटा कि अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मृतक के परिचितों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने संतोष कुमार मंडल, करण कुमार मंडल, सुरेश मंडल, रोनक कुमार मंडल एवं निखिल को गिरफ्तार किया है।
चोर समझकर पीट पीटकर मार डाला, पांच अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
02-Sep-2026





