जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात दुखद सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें से बोलेरो सवार 9 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। बोलेरो सवार सभी नौ लोग जिगाना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। यह पूरा परिवार अपने बेटे का मैहर से मुंडन करवाकर वापस लौट रहा था। इस हादसे में एक स्विफ्ट चालक और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार यूपी के मिर्जापुर में मध्य प्रदेश से गिट्टी लादकर आ रहा टाला ब्रेक फेल होने के चलते बेकाबू हो गया और एक स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गया। स्विफ्ट कार ट्रक और ट्राले के बीच में फंस गई। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो कार ट्रेलर में घुस गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि टक्कर होते ही बोलेरो में आग लग गई। बोलेरो में चालक सहित नौ लोग जिंदा जलकर मर गए। सभी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। साथ ही स्विफ्ट कार का चालक और ट्रक का क्लीनर भी हादसे में अपनी जान गंवा बैठा। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधिकारी टीम के साथ पहुंच गए।
एसपी अपर्णा कौशिक ने बताया कि बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना के नरैना गांव के रहने वाले थे। पूरा परिवार मैहर से बेटे का मुंडन कराकर घर वापस लौट रहे थे। हादसे में आठ साल के बच्चे और उसकी मां की भी मौत हो गई। वहीं ट्रक क्लीनर गंभीर रूप से घायल था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और सभी को रेस्क्यू किया।

बता दें कि यह हादसा मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात साढ़े 9 बजे हुआ। मध्य प्रदेश से एक ट्राला गिट्टी लादकर जा रहा था। अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। इसी बीच ट्राले के पीछे चल रही एक बोलेरो भी ढलान से नीचे उतर रही थी। तभी बेकाबू ट्राला स्विफ्ट कार को रौंदते हुए एक ट्रक से टकरा गया। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ट्राले में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग लगने से बोलेरो में सवार सभी यात्री अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसा देखकर स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए। लेकिन, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौजूद लोग किसी को बचा न सके।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और लालगंज और हलिया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में आठ वर्षीय शिवा और उसकी मां वंदना सिंह की भी मौत हो गई है। इसके अलावा परिवार के ही वीणा सिंह, बेटे पीयूष सिंह और बेटी सोनम की भी जान चली गई। बोलेरो में सवार प्रियंका, कार्तिकेय, पंकज सिंह, सोनम और बोलेरो चालक विष्णु निवासी रामपुर की भी जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रियंका सिंह और कार्तिकेय सिंह मध्यप्रदेश के थे, जो मुंडन में शामिल होने आए थे। वहीं, स्विफ्ट कार सवार मृतक जय प्रकाश सोनभद्र का रहने वाला था। ट्रक क्लीनर विकास भी मध्य प्रदेश का निवासी था।





