सनशाइन कोस्ट, एजेंसी। क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप किसी कमरे में पहुंचे और भूल गए कि वहां क्यों आए थे? या किसी ईमेल को बार-बार पढ़ने के बावजूद उसकी बातें याद नहीं रह पाईं? कई बार किसी परिचित व्यक्ति का नाम याद करने में भी परेशानी होती है। ऐसी स्थिति से लगभग हर व्यक्ति गुजरता है। आमतौर पर हम इसका कारण थकान, तनाव या दिमाग में एक साथ कई बातें चलना मानते हैं। अक्सर ऐसा होता भी है, लेकिन याददाश्त में यह धुंधलापन इस बात का संकेत हो सकता है कि मस्तिष्क को रात में जरूरी आराम और रखरखाव नहीं मिल रहा है। नींद केवल मस्तिष्क के निष्क्रिय होने का समय नहीं है। इस दौरान दिमाग दिनभर के अनुभवों की समीक्षा करता है, महत्वपूर्ण यादों को मजबूत बनाता है और शरीर में जमा अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने की प्रक्रिया में मदद करता है। नींद बाधित होने पर ये प्रक्रियाएं प्रभावित होती हैं, जिससे वर्तमान और भविष्य में सीखने तथा चीजों को याद रखने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
रात में दिमाग की सफाई की प्रक्रिया : वैज्ञानिक लंबे समय से जानते हैं कि खराब नींद का संबंध आगे चलकर याददाश्त संबंधी समस्याओं और अल्जाइमर रोग के बढ़ते जोखिम से है। शोध बताते हैं कि खराब नींद वाले लोगों में अल्जाइमर रोग से जुड़े दो प्रोटीन- एमिलॉयड-बीटा और टाउ का स्तर अधिक पाया जाता है। हाल के अध्ययनों ने सामान्य नींद और पूरी रात जागने के बाद मस्तिष्क में होने वाली प्रक्रियाओं की तुलना कर नींद और याददाश्त के संबंध को समझने की कोशिश की है। एक अध्ययन में पाया गया कि सामान्य रात की नींद के बाद प्रतिभागियों के रक्त में एमिलॉयड-बीटा और टाउ प्रोटीन का स्तर पूरी रात जागने वालों की तुलना में अधिक था। पहली नजर में यह स्थिति चिंताजनक लग सकती है, लेकिन शोधकर्ताओं का मानना है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मस्तिष्क इन प्रोटीनों को साफ करके रक्त में भेज रहा था, ताकि उन्हें शरीर से बाहर निकाला जा सके। यह प्रक्रिया संभवतः ग्लाइम्फैटिक प्रणाली के जरिए होती है। इसे मस्तिष्क की सफाई या जल निकासी व्यवस्था भी कहा जाता है। जिस तरह शहर में रात के समय सफाई कर्मचारी कचरा हटाते हैं, उसी तरह यह प्रणाली दिनभर मस्तिष्क में जमा अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करती है। नींद के दौरान यह व्यवस्था सबसे प्रभावी ढंग से काम करती है। इस तरह अच्छी नींद मस्तिष्क में उन पदार्थों को साफ करने में मदद कर सकती है, जिनका संबंध याददाश्त कमजोर होने से है।
दिनभर के अनुभव भी तय करते हैं नींद की गुणवत्ता : नींद और याददाश्त का संबंध दोतरफा है। नींद हमारी यादों को प्रभावित करती है और दिनभर के अनुभव हमारी नींद की गुणवत्ता पर असर डालते हैं। हाल के एक अध्ययन में चूहों पर इस संबंध की जांच की गई। शोधकर्ताओं ने चूहों के एक समूह को सकारात्मक अनुभव दिए, जबकि दूसरे समूह को तनावपूर्ण परिस्थितियों से गुजारा। अध्ययन में पाया गया कि नींद के दौरान चूहे दिनभर के अनुभवों को दोहराते हुए प्रतीत हुए। तनावपूर्ण अनुभवों से गुजरने वाले चूहों की नींद अधिक बाधित और अनियमित रही, जबकि सकारात्मक अनुभव वाले चूहों ने अपेक्षाकृत अच्छी और नियमित नींद ली। शोधकर्ताओं ने जब तनावपूर्ण यादों को संचित करने वाली मस्तिष्क कोशिकाओं की गतिविधि कम की, तो चूहों की नींद फिर से स्थिर हो गई। यह अध्ययन जानवरों पर किया गया है, इसलिए इसके निष्कर्ष सीधे मनुष्यों पर लागू नहीं किए जा सकते। हालांकि, इससे यह समझने में मदद मिल सकती है कि तनाव और खराब नींद किस तरह एक दुष्चक्र बनाते हैं। तनावपूर्ण दिन के बाद रात में बेचैनी और खराब नींद हो सकती है। इसके बाद नींद पूरी नहीं होने से व्यक्ति अगले दिन अधिक संवेदनशील और तनावग्रस्त महसूस कर सकता है तथा मुश्किल परिस्थितियों से निपटने की उसकी क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।
नींद संबंधी विकार भी प्रभावित करते हैं याददाश्त : ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया एक ऐसा विकार है, जो दुनिया की करीब 9 से 38 प्रतिशत आबादी को प्रभावित करता है। इसमें सोते समय सांस लेने की प्रक्रिया बार-बार कुछ समय के लिए रुक जाती है। इससे व्यक्ति की नींद बार-बार टूटती है और उसकी सामान्य नींद की प्रक्रिया बाधित होती है। हालांकि, अक्सर व्यक्ति को रात में इन घटनाओं का पता भी नहीं चलता। भले ही सांस रुकने की अवधि कम हो, लेकिन इससे मस्तिष्क को जरूरी गहरी और आरामदायक नींद नहीं मिल पाती। शोध बताते हैं कि गंभीर स्लीप एपनिया से पीड़ित लोगों का याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता से जुड़े परीक्षणों में प्रदर्शन कमजोर रहता है। अवसाद और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं जैसे कारकों को ध्यान में रखने के बाद भी यह अंतर बना रहता है। इसलिए यदि आपको याददाश्त संबंधी परेशानी हो रही है, तो अन्य लक्षणों के साथ अपनी नींद की गुणवत्ता के बारे में भी डॉक्टर से चर्चा करनी चाहिए।
छोटी आदतों से मिल सकता है बड़ा फायदा : अच्छी बात यह है कि नींद उन कुछ कारकों में शामिल है, जिनमें सुधार करके याददाश्त संबंधी समस्याओं का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं:
सोने का कमरा अंधेरा, शांत और आरामदायक रखें।
- रोजाना सोने और जागने का समय लगभग एक जैसा रखें।
- सोने से कम से कम छह घंटे पहले कैफीन का सेवन बंद कर दें।
- सोने से तीन से चार घंटे पहले शराब से परहेज करें, क्योंकि इससे नींद की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
- सोने से पहले आराम देने वाली गतिविधियां अपनाएं। इनमें किताब पढ़ना, ध्यान लगाना, हल्की स्ट्रेचिंग या गर्म पानी से नहाना शामिल है।
- यदि आपको नियमित रूप से तेज खर्राटे आते हैं, नींद में हांफते हुए जागते हैं, दिन में बहुत अधिक नींद आती है या स्लीप एपनिया की आशंका है, तो चिकित्सकीय सलाह लें।
ध्यान रहे, हर रात सोते समय हमारा मस्तिष्क केवल आराम नहीं करता, बल्कि यादों को मजबूत बनाता है, सीखी गई बातों को व्यवस्थित करता है, भावनाओं को संसाधित करता है और समय के साथ जमा होने वाले अपशिष्ट पदार्थों को साफ करने में मदद करता है।





