वाराणसी, एजेंसी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को वाराणसी में विश्व प्रसिद्ध 'देव दीपावली' का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर गंगा के अर्धचंद्राकार घाट 11 लाख से अधिक मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष देव दीपावली के मुख्य आकर्षणों में स्वदेशी तकनीक से निर्मित 2,100 ड्रोन का भव्य शो शामिल होगा। इसमें रात के आसमान में ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, देवी गंगा और काशी की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी आकृतियां बनाई जाएंगी। उत्सव के दौरान भव्य गंगा आरती, त्रिआयामी (3डी) प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो, पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों से इस वार्षिक उत्सव का आकर्षण और बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। देव दीपावली देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है। उत्सव के चलते शहर में होटलों और परिवहन सेवाओं की मांग में भारी वृद्धि हुई है। वाराणसी पर्यटन संगठन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने बताया कि शहर के सभी होटल बुक हो चुके हैं और अब ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा, ''आमतौर पर चार हजार रुपये में मिलने वाले कमरे अभी छह से सात हजार रुपये में बुक हो रहे हैं। किराये के वाहनों की भी भारी मांग है। कोई वाहन उपलब्ध नहीं है और हम अपने नियमित ग्राहकों को भी गाड़ियां मुहैया नहीं करा पा रहे हैं।'' लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों पर भीड़ प्रबंधन, लोगों की आवाजाही, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अ धिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आयोजन को सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।
वाराणसी में आज 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे गंगा घाट, 2,100 ड्रोन से होगा शो
24-Nov-2026





