कोल्लम (केरलम), एजेंसी। केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कहा है कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सुरक्षा के लिए राज्य विधानसभा द्वारा पारित नए कानून के तहत माता-पिता की संपत्ति हासिल करने के बाद उनकी उपेक्षा या उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों को तीन साल तक की जेल की सजा भुगतनी होगी।मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले यहां गांधी भवन में 20 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक वृद्धजन आवासीय केंद्र ‘पितृमंदिरम’ का उद्घाटन करने के बाद अक्टूबर में पारित इस कानून के प्रावधान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में आने के बाद सबसे पहला फैसला वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विभाग गठित करने का किया था। यह देश में अपनी तरह का पहला विभाग है। सतीशन ने कहा, ‘‘मेरी सरकार ने एक ऐसा कानून भी पारित किया है, जो दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलता और बुजुर्गों को कई अधिकार प्रदान करता है। आप सभी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मैंने जानबूझकर कानून में एक प्रावधान जोड़ा है, जिसके तहत माता-पिता की सारी संपत्ति प्राप्त करने के बाद उनकी उपेक्षा करने वाले बच्चों के लिए तीन साल की जेल की सजा को अनिवार्य किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद जब यह विधेयक कानून बन जाएगा तो संपत्ति हड़पने के बाद माता-पिता की उपेक्षा करने वालों को निश्चित रूप से जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और इसकी आने वाली पीढ़ियों को यह सीखना चाहिए कि बच्चों के पालन-पोषण में माता-पिता को जीवन भर कितना कष्ट सहना पड़ता है। सतीशन ने कहा कि उन्होंने कई माताओं को अपने बच्चों के पालन-पोषण में तरह-तरह की कठिनाइयों का सामना करते देखा है। उन्होंने कहा, ‘‘बच्चे बड़े होकर सफल हो जाते हैं और तब वे अपने माता-पिता की उपेक्षा करने लगते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। केरल में इस तरह की संस्कृति नहीं होनी चाहिए। हमें अपने माता-पिता को अपने करीब रखने की एक नयी संस्कृति की आवश्यकता है।’’उन्होंने कहा, ‘‘मेरा सबसे बड़ा सपना है कि केरल में कोई भी बुजुर्ग व्यक्ति अकेला न रहे।’’सतीशन ने इस आवासीय केंद्र के निर्माण के लिए धन मुहैया कराने को लेकर लुलु समूह के अध्यक्ष एम ए युसुफ अली की सराहना भी की और कहा कि कारोबारी ने जरूरतमंद लोगों की काफी मदद की है।





