भुवनेश्वर, एजेंसी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को ओडिशा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उम्र के लोग जलाशयों के किनारे बड़ी संख्या में जुटे और कलिंग के प्राचीन समुद्री इतिहास की याद में छोटी-छोटी नौकाएं पानी में प्रवाहित कीं। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक महीने की पूर्णिमा की सुबह से ही लोग तालाबों, झीलों, नदियों, तालाबों और समुद्र के किनारे एकत्र होने लगे और केले के तनों या कागज से बनी छोटी नावों में जलते दीपक, पान के पत्ते, फूल और पूजा सामग्री रखकर उन्हें पानी में प्रवाहित किया। इस अवसर पर ‘बोइता बंदाण’ यानी नावों की पूजा की परंपरा निभाए जाने से जलाशय रंग-बिरंगे नजर आए।
प्रतिभागी ‘‘आ का मा बाई, पाना गुआ थोई’’ का जाप करते हैं (ओड़िया में ‘आ’ का अर्थ है आषाढ़ महीना, ‘का’ का अर्थ है कार्तिक महीना, ‘मा’ का अर्थ है मार्गशीर्ष और ‘बाई’ का अर्थ है बैसाख महीना)। ये चार महीने समुद्री यात्रा के लिए शुभ माने जाते हैं क्योंकि प्राचीन काल में कलिंग के नाविक (साधबा) या व्यापारी जावा, सुमात्रा और बाली जैसे दक्षिण-पूर्वी एशियाई द्वीपों के लिए अपनी नौकाएं रवाना करते थे। यह दिन कार्तिक के पवित्र महीने के अंत और कटक में बाली जात्रा जैसे मेलों के प्रारंभ का भी प्रतीक है। कटक में महानदी नदी के गडागड़िया घाट और भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर के पास बिंदु सागर तालाब पर भारी भीड़ देखी गई। पुरी के जगन्नाथ मंदिर में भी यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है, जहां भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ को स्वर्ण वस्त्र पहनाए जाते हैं, जिन्हें ‘राजा राजेश्वरी भेष’ के नाम से भी जाना जाता है। हजारों श्रद्धालुओं ने ‘महोदधि’ (समुद्र) में स्नान करने के बाद देवताओं के दर्शन किए। कार्तिक पूर्णिमा उन पांच अवसरों में से एक है जब देवताओं को स्वर्ण वस्त्र पहनाए जाते हैं। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के एक अधिकारी ने बताया कि भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए मंदिर को पूरी रात दर्शन के लिए खुला रखा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। ओडिशा के संस्कृति शोधकर्ता असित मोहंती ने कहा कि राज्य के व्यापारी अब पवन चालित नावों से दूसरे देशों की यात्रा नहीं करते फिर भी ओड़िया लोग जल निकायों पर प्रतीकात्मक रूप से लघु नौकाएं तैराकर कलिंग के गौरवशाली अतीत की भावना का जश्न मनाते हैं। यह त्योहार कटक में होने वाली वार्षिक सात दिवसीय खुली बाली यात्रा की शुरुआत का भी प्रतीक है जो ओडिशा की समुद्री परंपरा को उजागर करती है। इतिहासकार अनिल धीर ने कहा कि यह त्योहार वर्तमान पीढ़ी को उनके पूर्वजों की समुद्री विरासत से जोड़ता है। कार्तिक पूर्णिमा कार्तिक के पवित्र महीने के अंत का प्रतीक है। इस महीने में श्रद्धालु केवल शाकाहारी भोजन करते हैं जिसे ओड़िया पंचांग में सबसे शुभ समय माना जाता है। मोहंती ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा कई अन्य राज्यों में भी मनाई जाती है, लेकिन छोटी नौकाओं को पानी में बहाने की परंपरा केवल ओडिशा में ही प्रचलित है। उन्होंने यह भी बताया कि इस दिन को गुरु नानक देव के जन्मदिन के रूप में भी मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पवित्र त्योहार निस्वार्थ सेवा और दूसरों के कल्याण के लिए काम करने का संदेश देता है। पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान की परंपरा सभी के जीवन में श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मकता लेकर आए, यही मेरी हार्दिक कामना है।’’ ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता नवीन पटनायक और कई अन्य लोगों ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। राम ने कहा, ‘‘कार्तिक पूर्णिमा और बोइता बंदाण के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। ये पर्व हमारे ओडिशा के गौरवशाली इतिहास, कला और समुद्री परंपराओं की याद दिलाते हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सभी को कार्तिक पूर्णिमा और बोइता बंदाण की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। आइए, हम अपनी गौरवशाली ओड़िया समुद्री व्यापार परंपरा और समृद्ध विरासत को याद करें और एक समृद्ध और विकसित ओडिशा के निर्माण के अपने संकल्प को और मजबूत करें।’’ पटनायक ने भी इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं।





