जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं वेटलैण्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेघा रूपम ने रोपित सभी पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग एवं पौधों की जीवितता का नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विगत बैठक के कार्यवृत्त में दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 की जियो टैगिंग, ग्रीन चौपाल, पौधों की जीवितता एवं तालाब संरक्षण की प्रगति से अवगत कराया। वेटलैण्ड एवं तालाब संरक्षण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित वेटलैण्ड को अधिसूचित कराने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर राज्य वेटलैण्ड प्राधिकरण, लखनऊ को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यमुना नदी के 5 किलोमीटर तटीय क्षेत्र में स्थित 11 वेटलैण्ड का सत्यापन कराने तथा उनकी वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम आर्द्रभूमि के गठन की समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तालाबों के सूचीकरण, सीमा निर्धारण, अतिक्रमण हटाने एवं लंबित वादों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने बिना ढकी निर्माण सामग्री के परिवहन, ओवरलोडिंग, कूड़ा एवं पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित प्राधिकरणों एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को राष्ट्रीय हरित अधिकरण एवं शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। जिला गंगा समिति की समीक्षा में नदियों की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंगा एवं उसकी सहायक नदियों में गिरने वाली अनटैप्ड ड्रेनों के अंतरिम उपचार के लिए एनजीटी मानकों के अनुरूप फाइटोरेमेडिएशन तकनीक अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही यमुना एवं हिंडन नदी के किनारों की नियमित सफाई, घाटों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नदियों एवं नालों में ठोस अपशिष्ट निस्तारण की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को पर्यावरण संरक्षण एवं वेटलैण्ड संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी/ परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन डॉ उदित नारायण पाण्डेय सहित प्राधिकरण, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।





