जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी की मथुरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन बजरंग’ के तहत रविवार सुबह करीब भारी पुलिस बल के साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कार्रवाई शुरू हुई। करीब 250 पुलिसकर्मियों की टीम जब शेरगढ़ क्षेत्र में पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। इस छापेमारी कार्रवाई में 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब 50 लोग मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दर्जनों मोबाइल फोन, आधार कार्ड, मोटरसाइकिल व एक कार बरामद की है। इन सभी पर साइबर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर रविवार सुबह करीब 5 बजे एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में एसपी, चारों जोन के सीओ, 13 थानों की पुलिस और पीएसी बल के जवानों ने शेरगढ़ के गांव जंघईया और बिशनगढ़ की घरोंबंदी कर घरों में छापेमारी की। भारे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। कुछ लोग उठकर खेतों की ओर जा रहे थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल देख गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने टीम बनाकर दो गांवों में करीब पांच घंटे तक इस आॅपरेशन को अंजाम दिया। करीब 85 घरों में दबिश देकर साइबर ठगी के आरोप में 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि 45 साइबर अपराधी मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। कुछ घरों में महिलाओं द्वारा विरोध किया गया, जिन्हें महिला पुलिस ने समझाकर शांत कर दिया। कुछ ग्रामीण छतों से कूद कूदकर मौके से भाग गए।
हर घर में बैठा था अपराधी गैंग
इस बाबत एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि गोवर्धन, वरसाना, कोसीकला और शेरगढ़ क्षेत्र में साइबर अपराधी सिंडिकेट बनाकर ऑनलाइन साइबर अपराध करते हैं। एसएसपी के निर्देश पर करीब एक माह से प्रवर्तन पोर्टल के माध्यम से इन पर निगरानी की जा रही थी। पुलिस ने इन गांवों के चिन्हित बिंदुओं पर फोकस किया। पता चला सबसे अधिक साइबर फ्राड की घटनाएं शेरगढ़ के जंघईया और बिशनगढ़ गांव में की जा रही हैं। बिशनगढ़ गांव में सबसे अधिक साइबर अपराधी हैं। इन दोनों गांवों में रविवार सुबह एसएसपी के निर्देश में दो-दो सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने दबिश दी। पुलिस ने 85 घरों में दबिश देकर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी के बाद से आसपास के गांवों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की मानें तो अपराधियों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा।





