आवासीय विद्यालय में भीषण आग, 80 से ज्यादा बच्चियों को किया रेस्क्यू

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में खाना बनाते समय सिलेंडर का पाइप फटने से अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आवासीय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त परिसर में करीब 100 बच्चियां मौजूद थीं। आग की लपटें उठते ही बच्चियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और फायर कर्मियों ने रेस्क्यू कर 80 से ज्यादा बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर बिझलपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खाना बनाते समय सिलेंडर का पाइप फटने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आवासीय परिसर में मौजूद बच्चियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय करीब 100 बच्चियां परिसर में मौजूद बताई जा रही थीं। आग की लपटें उठती देखकर बच्चियों में चीख-पुकार मच गई। 

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां लगाई गईं। फायर कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया और 80 से ज्यादा बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और समय रहते किए गए रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, आग पर काबू पाने के बाद घटना की जांच की जा रही है।