जन प्रवाद,ब्यूरो।
लखनऊ। वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज होने से पहले ही गंभीर विवादों में घिरती जा रही है। फिल्म के टाइटल और कथित कहानी पर आपत्ति जताते हुए लखनऊ में फिल्म के डायरेक्टर और उनकी टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि यह शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हजरतगंज कोतवाली में इंस्पेक्टर विक्रम सिंह की ओर से दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार फिल्म का नाम और प्रस्तुति एक खास जाति यानी ब्राह्मण को लेकर की गई है। ऐसी आशंका है कि इससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। मामले को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी विरोध शुरू कर दिया है।

बता दें कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि फिल्म का टाइटल समाज की छवि खराब करता है और घूसखोर शब्द का प्रयोग आपत्ति जनक है। प्रयागराज के संतों ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रहश्रम महाराज ने फिल्म को सनातन परंपरा के खिलाफ बताया और इसे बैन करने की मांग की।





