जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। चढ़ावा चोरी मामले में यूपी पुलिस ने आठ करोड़ से अधिक की रकम बरामद करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब उनके घरों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। आज की छापेमारी की विस्तृत जानकारी पुलिस ने अभी तक सार्वजनिक नहीं की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों को जेल भेजने से पहले पुलिस पूछताछ के आधार पर कुछ रकम और संपत्ति की पुष्टि कर रही है। पुलिस टीमें आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच कर रही हैं और उनके रिश्तेदारों व पड़ोसियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

बता दें कि अयोध्या पुलिस ने रामधाम स्थित स्वर्गधाम मोहल्ले में रहने वाले कुछ व्यक्तियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की। पुलिस ने कई लोगों के घरों पर दबिश दी और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस की जांच टीम आरोपियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का संकलन कर रही है। साथ ही पुलिस मंदिर में काम करने से पहले इन आरोपियों की हिस्ट्री की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बनी एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। ट्रस्ट की ओर से नोटों की गिनती में लगाए गए लोगों में रामशंकर यादव, अनुकूल मिश्रा, सुभाष मिश्रा और तत्कुष मिश्रा शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर करीब 80 लाख रुपये बरामद किए।

वहीं विपक्षी दल बिना एफआईआर एसआईटी की जांच पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सबसे पहले एफआईआर और गिरफ्तारी होनी चाहिए थी। एसआईटी गठन के एक हफ्ते बाद एफआईआर और गिरफ्तारी के कारण काफी कुछ हटाने और ठिकाने लगाने का इन आरोपियों को मौका मिल गया होगा। वहीं विपक्ष सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर चोरी की गई नकदी और जेवरात बरामद करने की मांग कर रहा है।





