जनप्रवाद नोएडा। सितंबर महीने की शुरूआत देश में कई बड़े फाइनेंशियल बदलावों के साथ हो गई है। महीने की पहली तारीख को महंगाई का चौतरफा अटैक देखने को मिला है। इसमें गैस से लेकर कारें तक महंगी हो गई हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में महंगाई का चौतरफा अटैक देखने को मिला है। 1 सितंबर 2026 से देश में आम आदमी के जीवन से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं। इसमें रसोई गैस सब्सिडी, घरेलू बजट, डेबिट कार्ड, जीएसटी, डीमैट और लेट आईटीआर फाइलिंग पर होने वाले ये बदलाव आपकी जेब को सीधे प्रभावित करेंगे। नए नियम के तहत सरकार ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इसके तहत भारत से विदेश जाने वालों के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर फिजिकल स्टैम्प लगाने की अनिवार्यता खत्म हो रही है। अब यात्री स्मार्टफोन में सुरक्षित ई-बोर्डिंग पास दिखाकर आसानी से इमिग्रेशन करा सकेंगे, जिससे समय बचेगा और हवाई अड्डों पर लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी। इस महीने में दूसरा सबसे बड़ा बदलाव सीएनजी और पीएनजी में हुआ है। मुंबई में रहने वालों के लिए सितंबर का आगाज जेब पर बोझ बढ़ाने वाला साबित हुआ है। एक तरफ गैस कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया है। वहीं गैस के दामों में बढ़ोत्तरी होने से टैक्सी और आॅटो का किराया बढ़ गया है। बता दें कि सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय नई प्रोत्साहन योजना शुरू कर रहा है। इसके तहत सिटी गैस वितरण कंपनियों को नए कनेक्शन जारी करने पर अतिरिक्त गैस कोटा मिलेगा, जिससे नए इलाकों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो सकेगा। बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त थी, जो 1 सितंबर से प्रभावी हो रही है। जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उन्हें रसोई गैस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी रुकने या सिलेंडर डिलीवरी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आज से कई नए बैंकिंग कानून प्रभावी हो गए हैं। टैक्स चोरी रोकने के लिए 1 सितंबर से जीएसटी पोर्टल पर बैंक खाता लिंक करना अनिवार्य है। नए व्यापारियों को पंजीकरण के 30 दिनों के भीतर खाता अपडेट करना होगा, अन्यथा उनका जीएसटी पंजीकरण निलंबित हो जाएगा और वे आउटवर्ड सप्लाई दाखिल नहीं कर पाएंगे। शेयर बाजार नियामक सेबी के नए निदेर्शों के तहत, सभी नए सिंगल-होल्डर डीमैट और म्यूचुअल फंड फोलियो में नॉमिनी जोड़ना या 'आप्ट-आउट' करना अनिवार्य है। निवेश सुरक्षित रखने और भविष्य में क्लेम सेटलमेंट को आसान बनाने के लिए यह प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है। एचडीएफसी बैंक 1 सितंबर से कार्ड कंट्रोल नियम लागू कर रहा है। यदि ग्राहकों ने कार्ड वेरिएंट की तय सीमा से अधिक एटीएम या आॅनलाइन लिमिट सेट कर रखी है, तो बैंक उसे आॅटोमैटिकली बेस वेरिएंट की सीमा पर रीसेट कर देगा, जिससे बड़ी खरीदारी पर ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है। एक्सिस बैंक डेबिट कार्ड पर नई नीतियां ला रहा है। इसके तहत डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन (डीसीसी) लेनदेन पर 3.5% मार्कअप फीस वसूली जाएगी और कुछ कार्ड्स पर एज रिवॉर्ड प्रोग्राम बंद होने से विदेश में या अंतरराष्ट्रीय साइटों पर लेनदेन महंगा हो जाएगा। 1 सितंबर की शुरूआत के साथ ही कार खरीदने का प्लान बना रहे लोंगो को झटका लगा है। पहली तारीख से टाटा और हुंडई की कारें महंगी हो रही हैं, इसका ऐलान कंपनियों द्वारा पहले ही कर दिया गया था। रिपोर्ट्स की मानें, तो टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड महीने के पहले दिन से अपनी सभी वैरिएंट की कारों और एसयूवी की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर रही है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया भी अपनी कारों के दाम में इस साल की तीसरी बढ़ोतरी कर रही है।
बड़े फाइनेंशियल बदलावों के साथ शुरू हुआ सितंबर का महीना, लोगों की जेब पर पड़े असर
01-Sep-2026





