लखनऊ आग हादसा: इमारत के तीन मालिक आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ, एजेंसी। लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने के कारण झुलसने से 15 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में अलीगंज थाने में छह नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर-इरादतन हत्या की कोशिश), 105 (गैर-इरादतन हत्या), 125 (लापरवाही या असावधानी से किया गया काम जिससे इंसान की जान को खतरा हो) और उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में अलीगंज के सेक्टर-डी के निवासी राम कृष्ण उपाध्याय (43), सीतापुर मार्ग क्षेत्र के रहने वाले वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला (62) और बालागंज इलाके के रहने वाले तुषार कृष्ण जायसवाल (31) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गये आरोपी इमारत के संयुक्त रूप से मालिक हैं। उन्होंने बताया कि आरोपों के मुताबिक इमारत को रिहायशी इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिली थी लेकिन वाणिज्यिक कार्यों के लिए गैर-कानूनी तरीके से इसका इस्तेमाल किया जा रहा था। अलीगंज के सहायक पुलिस आयुक्त शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।