जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। रसोई गैस की किल्लत का सीधा असर अब रेस्टोरेंट, ढाबों और क्लाउड किचन पर दिखने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण दिल्ली में रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को बंद करना पड़ रहा है। अब केंद्र सरकार ने गैस सिलिंडर की बुकिंग कराने के नियमों और टाइम में बड़ा बदलाव किया।
रसोई गैस की किल्लत
पश्चिम एशिया में तनाव से पैदा हुए रसोई गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर एहतियाती कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यों को अतिरिक्त 48 हजार किलोलीटर केरोसिन जारी करने का आदेश दिया है। आमतौर पर सरकारी तेल कंपनियां हर तिमाही राज्यों को करीब एक लाख किलोलीटर केरोसिन का कोटा जारी करती हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह अतिरिक्त आवंटन किया गया है। साथ ही कोयला मंत्रालय ने सरकारी कंपनियों कोल इंडिया व सिंगारेनी कोयलिरीज कंपनी को निर्देश दिया है। इस आदेश के अनुसार राज्यों को जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोयला उपलब्ध कराने को कहा गया है। इससे गैर-घरेलू उपभोक्ताओं जैसे होटल, रेस्टोरेंट आदि को कोयला को बतौर ईंधन दिया जा सकेगा।
पीएम मोदी का बयान
पीएम मोदी ने एनएक्सटी समिट को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा संकट से कोई भी देश अछूता नहीं है। सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुरक्षित रखने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग मौजूदा स्थिति का फायदा उठाकर कुछ उत्पादों की कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि ऐसे बेईमान लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सुनिए पीएम मोदी ने क्या कहा।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में बयान दिया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से काम कर रही है। देशभर के रिटेल आउटलेट्स पर पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और इन उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला सामान्य रूप से चल रही है। राज्यों को पीडीएस के तहत अतिरिक्त केरोसिन भी जारी किया गया है।
सिलिंडर बुकिंग के बदले नियम
दूसरी ओर सरकार ने गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार बुकिंग करानी है तो सुबह पांच बजे जाग जाएं। ऐसा इसलिए है क्योंकि सुबह 5 से 7 और रात में 8 से 12 बजे तक ही फोन से बुकिंग होगी। सुबह 7 से रात 8 बजे तक करीब 13 घंटे बुकिंग बंद रहेगी। बुकिंग भी सिर्फ उन्हीं उपभोक्ताओं की होगी, जिन्हें पिछले सिलिंडर की डिलीवरी लिए 25 दिन से अधिक हो चुके हैं। गैस संकट के बीच ऐसे नोटिस एजेंसियों पर चस्पा कर दिए गए हैं। बता दें कि होली के बाद एक तरफ बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गई है तो दूसरी ओर गैस किल्लत के बीच तीन दिन से सर्वर फेल है। बुकिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी से गोदाम तक दौड़ रहे हैं। उन्हें गैस नहीं मिल रही हैं। हजारों उपभोक्ता बुकिंग नहीं होने पर एजेंसी और गोदाम पर सिलिंडर के लिए भटकते नजर आए। ऐसे में अब समय निर्धारित किए जाने से परेशानी और बढ़ सकती है।
45 दिन में होगी बुकिंग
अब ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर 45 दिन बाद बुक किया जा सकेगा। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में बताया कि यह फैसला सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज करने और बेवजह होने वाली पैनिक बुकिंग को रोकने के लिए किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत रोजाना लगभग 55 लाख बैरल कच्चे तेल का उपयोग करता ह। फिलहाल कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। प्रेस वार्ता में ही सुजाता शर्मा ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लोगों को 45 दिनों में गैस सिलेंडर मिलेगा। वहीं शहरवासियों के लिए 25 दिन की अवधि तय की गई है।





