जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के भीलवाड़ा में पुलिस ने 35 वर्षीय एक महिला का यौन शोषण करने, उसे ब्लैकमेल करने, उसका जबरन धर्म परिवर्तन और आर्थिक शोषण करने के आरोपों में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शाहिद मंसूरी ने नौकरी दिलाने के बहाने उससे दोस्ती की और बाद में शहर के एक रिजॉर्ट में उसका यौन शोषण किया। महिला ने कहा कि आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस के अनुसार, शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी उसे दिल्ली ले गया और जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार ने उससे पैसे वसूले एवं उसे ऋण लेने के लिए भी मजबूर किया। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया तथा जांच में शोषण और वित्तीय लेन-देन के सबूत मिले। राणा ने कहा, ह्लआरोपों की पुष्टि के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बात जांच की जा रही है कि अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि पुलिस धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा, वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भीलवाड़ा में सनसनीखेज लव जिहाद का मामला: यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन में एक गिरफ्तार
04-Jun-2026





