वायनाड सुरंग परियोजना स्थल पर भूस्खलन, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

वायनाड, एजेंसी। वायनाड में मेप्पाडी के पास कल्लाडी में मंगलवार को बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ और कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कल्पेट्टा से दमकल सेवा के कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं और जल्द ही तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने घटनास्थल से तीन लोगों को बचाया है। यह वह स्थान है, जहां सुरंग परियोजना से जुड़े श्रमिक रह रहे थे। उन्होंने बताया कि इलाके में कुछ मकान और होमस्टे भी हैं। इसके अलावा, भूस्खलन में सुरंग परियोजना के कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाले कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। बचाव अभियान के लिए पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों को भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मंत्री टी. सिद्दीक और जिला कलेक्टर तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि प्रभावित क्षेत्र में और कितने लोग फंसे हुए हैं। मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली अनक्कमपोयिल-मेप्पाडी परियोजना पर काम पिछले साल शुरू हुआ था।