कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम, शराब और नॉनवेज की दुकानें बंद

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। कांवड़ियों की अच्छी खासी भीड़ के मद्देनजर ट्रैफिक को डायवर्ट करना शुरू कर दिया गया है। गुरुवार यानी आज से शुरू हो रही इस यात्रा को देखते हुए घाटों पर मेडिकल सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी और खास राहत कर्मियों की तैनाती की गई है। रास्ते से शराब की दुकानें और नॉनवेज की दुकानें हटा दी गई हैं। 


बता दें कि कांवड़ यात्रा में भगवान भोलेनाथ के भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गृहनगरों के शिव मंदिरों में चढ़ाने के लिए पैदल यात्रा करते हैं। यह यात्रा आज यानी 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। अधिकारियों की मानें तो कांवड़ियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए मुजफ्फरनगर जिले में दिल्ली हरिद्वार नेशनल हाईवे और गंगा नहर रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इस वजह से दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के बीच यात्रा प्रभावित होगी। रास्ते बदलने के लिए रूट डायवर्ट किए जाएंगे जिससे यात्रियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।