कांवड़ यात्रा में रूट डायवर्जन, शोरूम कर्मियों की बढ़ी परेशानी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। गजरौला में कांवड़ यात्रा के दौरान लागू रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते विभिन्न शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि बैरिकेडिंग और मार्गों पर प्रतिबंध के कारण वे बाइक से अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसी समस्या को लेकर कई कर्मचारी गजरौला थाने पहुंचे और थाना प्रभारी मनोज कुमार को लिखित प्रार्थना पत्र देकर समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने प्रशासन से पास अथवा पहचान पत्र जारी करने की मांग की है, ताकि नियमों का पालन करते हुए वे अपने काम पर पहुंच सकें।

कांवड़ यात्रा के चलते गजरौला में रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था लागू है। ऐसे में शहर के विभिन्न शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारियों के सामने अपने कार्यस्थल तक पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वह रोजाना बाइक से शोरूम पर ड्यूटी करने पहुंचते हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान बैरिकेडिंग और यातायात प्रतिबंध के चलते उनकी बाइक शोरूम तक नहीं पहुंच पा रही है। इससे उन्हें समय पर ड्यूटी पर पहुंचने में परेशानी हो रही है और नौकरी प्रभावित होने की चिंता भी बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर पूमा, रेड चीफ, वुडलैंड स्पार्क, रेड टेप समेत विभिन्न शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारी गजरौला थाने पहुंचे। कर्मचारियों ने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की। कर्मचारियों की मांग है कि अगर कांवड़ यात्रा के दौरान शोरूम तक बाइक ले जाने की अनुमति नहीं है तो प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए या फिर कर्मचारियों को अधिकृत पास अथवा पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि सुरक्षा जांच के बाद वह अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकें। 

कर्मचारियों का कहना है कि वह कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा नहीं डालना चाहते और प्रशासन के नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि केवल नौकरी पर जाने के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कर्मचारियों के मुताबिक, गजरौला थाना प्रभारी ने उन्हें समस्या के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव के समक्ष अपनी बात रखने की सलाह दी। इसके बाद कर्मचारियों ने थाने के बाहर मीडिया के सामने अपनी परेशानी बताई। इस दौरान रवि कुमार, आकाश कुमार, नितिन, अमित कुमार,सुमित समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अब कर्मचारियों ने प्रशासन से कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखते हुए उनके आवागमन के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।