जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। कैलाश अस्पताल की ओर से ‘आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत नोएडा के सेक्टर-29 में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गौतमबुद्ध नगर के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। विशेष रूप से उन वृद्ध एवं अस्वस्थ नागरिकों को ध्यान में रखते हुए जो किसी कारणवश अस्पताल नहीं आ सकते, कैलाश अस्पताल ने उनके सेक्टर में ही स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ईसीजी, पीएफटी, तथा ब्लड शुगर जैसी आवश्यक जांचें नि:शुल्क उपलब्ध कराईं। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्वास्थ्य शिविर में 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान विशेषज्ञ फिजिशियन, डाइटिशियन एवं फिजियोथेरेपिस्ट की टीम द्वारा प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. उमा शर्मा (चेयरपर्सन) ने कहा कि कैलाश अस्पताल द्वारा शुरू किया गया ‘आपके द्वार’ अभियान भविष्य में नोएडा एवं आसपास के अन्य शहरों में भी आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

कार्यक्रम में सेक्टर-29 के वार्ड डायरेक्टर दिलीप कुमार बिजलानी, कर्नल प्रशांत गुप्ता, डॉ. शीलू सागर, डॉ. शान सागर, राजेष दुगल, कुमुद आदि काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे एवं उन्होंने कैलाश अस्पताल की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।





