जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद से सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुजरात से झांसी लाकर प्रेमिका और उसके मासूम बच्चे को मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपी को महिला को कुल्हाड़ी से काटा जबकि उसके बच्चे को भूसे में डालकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने महिला की पहचान कर बच्ची की जली हुई हड्डियां बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार झांसी जनपद के लहचूरा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क किनारे पांच अप्रैल को एक महिला का शव मिला था। बरौटा ग्राम प्रधान के अनुसार जिस घर के पास महिला का शव मिला वह चर्तुभुज नामक व्यक्ति का है। इस बाबत जब उसकी पत्नी से बात की गई तो उसने बताया कि वह दिल्ली में है। उसके पति के गुजरात की नीलू नामक महिला से संबंध हैं। उसके साथ तीन वर्षीय बेटा कृष्णा भी है।

इस जानकारी के बाद पुलिस जानकारी में जुट गई। मृतिका की पहचान होने पर अन्य जांच की जा रही हैं। इस बाबत पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चर्तुभुज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि चर्तुभुज छह माह पहले ही गुजरात से महिला और बच्चे को लेकर आया था। उसने किसी बात को लेकर नीलू की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। यही नहीं उसने तीन वर्षीय मासूम कृष्णा को भूसे में डालकर आग लगा दी। पुलिस ने मासूम की जली हुई हड्डियां बरामद की हैं।





