दूल्हा हत्याकांड में रवि यादव मुठभेड़ में ढेर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। यूपी के जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में वांछित इनामी तीन बदमाशों में से एक रवि यादव को पुलिस ने रविवार की रात करीब तीन बजे एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के भी गोली लगी है। खेतासराय थाना क्षेत्र के रानी की मोड़ के पास पुलिस और शातिर रवि यादव की मुठभेड़ हुई थी।
बता दें कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय दूल्हे आजाद हिंद की एक मई को खेतासराय थाना क्षेत्र में बारात में ही घुसकर बादशाही के पास हत्या कर दी गई थी। इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। कार सवार दूल्हे को बाइक से आए तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया था।परिजनों ने दुल्हन के रिश्तेदार रवि यादव सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।


जानकारी के अनुसार रवि यादव दुल्हन का दूर का रिश्तेदार था। वह इस शादी से नाराज था। इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तीनों वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में पुलिस अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें शरण देने और इस घटना में मदद करने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य शोले राजभर को भी गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से दूल्हे के परिजन लगातार पुलिस पर दबाव बना रहे थे। उनके परिजन बुलडोजर की कार्रवाई की मांग कर रही थी। रविवार रात पुलिस को रवि यादव के नानी की मोड़ के पास पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस ने रवि की घेराबंदी की और गिरफ्तारी की कोशिश की। पुलिस को देखते हुए रवि यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। रवि द्वारा चलाई गई एक गोली लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह को लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, अभी दो आरोपियों की तलाश जारी है।