जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के डोडा जनपद स्थित भद्रवाह इलाके में एक युवक ने एसओजी के जवानों से सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया। इसके बाद हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एसओजी के तीन जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में एक धार्मिक उपदेशक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति का घटना से क्या संबंध है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। एसओजी की एक टीम को ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि होने की सूचना प्राप्त हुई थी। रात करीब 11:30 बजे एसओजी टीम ने एक युवक को रोका, जिसने कथित तौर पर जवानों पर हमला कर दिया और उनकी सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया। इस धक्का-मुक्की के दौरान एक एसओजी जवान ने गोली चला दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि इस घटना में तीन जवान घायल हुए हैं।

घायलों को भद्रवाह के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से विशेष उपचार के लिए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, डोडा रेफर कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, युवक, आरिफ हुसैन निवासी चीका गांव की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद चौकसी बढ़ा दी गई है। भद्रवाह शहर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके बाद सेना ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।





