श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक अंतरराज्यीय आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पिछले 16 साल से फरार अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अब्दुल्ला के अलावा एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी उस्मान उर्फ खुबैब को भी इस बड़े अभियान में गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल थीं।
19 जगहों पर मारे छापे
अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा समेत 19 स्थानों पर छापे मारे और अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। उन्होंने कहा कि जांच में गहराई तक फैले लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो आतंकवादियों को सहायता प्रदान कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार पांच लोगों में से तीन मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा श्रीनगर के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि इन पर आतंकियों को शरण और भोजन समेत रसद सहायता देने का आरोप है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच से संकेत मिले हैं कि एक विदेशी आतंकी जाली दस्तावेज और पहचान के आधार पर देश से बाहर जाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि इसमें अन्य राज्यों में सक्रिय लश्कर नेटवर्क की मदद ली गई। बताया गया है कि ये आतंकवादी करीब 16 साल पहले घुसपैठ करके भारत आए थे और इस दौरान कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे। इतने वर्षों तक इन्होंने करीब 40 विदेशी आतंकियों को निर्देशित किया, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।





