हरियाणा में सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौत

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। गुरुग्राम, हरियाणा में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास हुई। पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई, जब पलवल की ओर से एक स्कॉर्पियो कार आ रही थी। 
आगे निकलने की होड़ में हादसा


स्थानीय लोगों ने बताया कि आगे निकलने की कोशिश के दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे दूसरे वाहन से टकरा गया। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बचाव टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि शव क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए थे, जिससे उन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव कार्य में सहायता के लिए एम्बुलेंस बुलाई गई। तावडू थाना प्रभारी शीशराम ने कहा, हादसे में मारे गए सभी पांच पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात थे। जालौन के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया गया है। हमने सभी शवों को मुर्दाघर भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।