जन प्रवाद, ब्यूरो।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान विवादों में रहने वाले जहांगीर खान को बंगाल एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने जहांगीर को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। विगत दिनों कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देने से इंकार किया था। जहांगीर पर फलता में हुई हिंसा को लेकर कार्रवाई की गई है।

बता दें कि दक्षिण 24 परगना की फलता सीट से जहांगीर खान टीएमसी के उम्मीदवार थे। चुनाव के समय उन पर हिंसा और लोगों को धमकाने का आरोप लगा था। चुनाव में गड़बड़ियों की शिकायत के बाद इस सीट पर दोबारा चुनाव हुआ और बीजेपी ने जीत हासिल की। वहीं जहांगीर खान ने पहले ही हथियार डाल दिए थे। उन्होंने कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया। यही वजह रही कि वह चौथे स्थान पर रहे। जहांगीर पर फलता थाने में धमकी देने, जबरन वसूली, हिंसा, कानून व्यवस्था के साथ लिखवाड़ करने सहित सात मामले दर्ज थे। इसके बाद से ही जहांगीर फरार थे। एसटीएफ लगातार जहांगीर को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी। अंतत: एसटीएफ को कामयाबी मिली और नेपाल बॉर्डर से जहांगीर को गिरफ्तार कर लिया गया।





