जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। ईरान और इजरायल में एक बार फिर से जंग शुरू हो गई है। दोनों देशों के बीच जारी जंग से पूरी दुनिया परेशान है। होर्मुज में जहाजों की बंद आवाजाही से तेल संकट लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, भारत रूस सहित कई अन्य देशों से तेल खरीद रहा है, लेकिन महंगाई बढ़ी है। ऐसे में दोबारा युद्ध शुरू होना पूरी दुनिया के लिए संकट है।

बता दें कि सोमवार को ईरान में कई जगहों पर इजरायल ने जवाबी कार्रवाई में बमबारी की। इनमें मुल्क के मध्य और पश्चिमी हिस्से भी शामिल हैं। खास बात यह है कि ईरान ने अपनी सबसे प्रमुख एयरफील्ड को इन हमलों के बाद बंद कर दिया है। खास बात यह है कि इजरायल पर भी ईरान की तरफ से कई मिसाइलें दागी गई थीं। युद्ध छिड़ने की आशंका ऐसे समय पर बढ़ी है जब कहा जा रहा है कि समझौता जल्द हो सकता है।

ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार इश् फाहान, तबरीज और तेहरान में कई धमाके सुनाई दिए। वहीं पश्चिम तेहरान के करज में भी धमाके हुए हैं। इजरायल की सेना के प्रवक्ता के अनुसार वायु सेना ने कुछ समय पहले ही पश्चिम और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
इजरायली हमले के बाद ईरान ने अपने मुख्य हवाई अड्डे तेहरान के इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। इन हमलों के कारण ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध में एक स्थायी युद्ध विराम तक पहुंचने की कोशिशों को और अधिक झटका लगा है।





