बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे आरसीबी और गुजरात टाइटंस

बेंगलुरु, एजेंसी। मौजूदा चैंपियन आरसीबी को यह बात अच्छी तरह से पता होगी कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ कमजोर प्रदर्शन से उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि उसे अब अपने अधिकतर मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेलने हैं। यही नहीं वह अब अपने दो घरेलू मैच भी रायपुर में खेलेगा।
जीत चाहती है आरसीबी


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस की टीम शुक्रवार को यहां जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में आमने-सामने होगी तो उनका लक्ष्य बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। चिन्नास्वामी की थोड़ी चिपचिपी पिच पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में आरसीबी के बल्लेबाज नहीं चल पाए थे जिससे उसकी टीम को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। आरसीबी की यह इस सत्र में दूसरी हार थी जिससे उसने शीर्ष चार में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका गंवा दिया था। वह अब अंक तालिका में आठ अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। उसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (8 अंक), दिल्ली कैपिटल्स और टाइटंस (प्रत्येक 6 अंक) का नंबर आता है।
आरसीबी अब चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत हासिल करके अपने प्रशंसकों को शानदार विदाई देना चाहेगा लेकिन इसके लिए उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा और प्रतिकूल परिस्थितियों में भी बड़ा स्कोर बनाने का तरीका ढूंढना होगा। इसलिए आरसीबी के बल्लेबाजों को एक प्लान बी तैयार रखना चाहिए, क्योंकि इसकी कोई गारंटी नहीं है कि उनका आक्रामक खेल हर समय कारगर साबित होगा। इसी तरह से गुजरात टाइटंस भी अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से चिंतित है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में उसकी पूरी टीम 100 रन पर आउट हो गई थी और उसे 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इससे उसके नेट रन रेट पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फिल साल्ट को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे छक्के जड़ने में माहिर बल्लेबाजों को भी रन बनाने के वैकल्पिक तरीके खोजने पड़े, हालांकि उन्हें इसमें बहुत अधिक सफलता नहीं मिली। कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने कुछ हद तक निरंतरता दिखाई है, लेकिन बी साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स और राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। गुजरात टाइटंस के पास प्रसिद्ध कृष्णा, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और राशिद खान जैसे अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन उन्हें बल्लेबाजों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
टीम इस प्रकार हैं:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), शाहरुख खान, अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, टॉम बैंटन, ग्लेन फिलिप्स, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, साई किशोर, जयंत यादव, अरशद खान, शाहरुख खान, मानव सुथार, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा।
मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा।