कोहली ने शतक के साथ आलोचकों को जवाब दे दिया है : गावस्कर

रायपुर, एजेंसी। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि इस चैम्पियन बल्लेबाज ने साबित कर दिया है कि पुरानी पीढी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए कोहली के 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल के मैच में केकेआर को छह विकेट से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया । गावस्कर ने स्टार स्पोटर्स पर अमूल क्रिकेट लाइव में कहा, विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने में उसका कोई सानी नहीं है। 
केकेआर को छह विकेट से हराया

उन्होंने कहा, हर कोई बात कर रहा है कि यह सत्र अगली पीढी का है लेकिन कोहली ने दिखा दिया कि वह अभी भी है। उसने आलोचकों को शतक से जवाब दिया और आरेंज कैप की दौड़ में तीसरे नंबर पर पहुंच गया । उसने साबित कर दिया कि पुरानी पीढी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा, टी20 शतकों के मामले में वह दस शतक के साथ क्रिस गेल और बाबर आजम के बाद तीसरे नंबर पर है। उसने टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 14000 रन पूरे किये और आईपीएल में नौ शतक लगा चुका है। रिकॉर्ड टूटने के लिये बनते हैं लेकिन कोहली अगर मैच दर मैच, सत्र दर सत्र ऐसे ही खेलता रहा तो किसी को भी वहां तक पहुंचने में लंबा समय लगेगा। गावस्कर ने यह भी कहा कि केकेआर द्वारा कोहली का कैच टपकाना मैच का निर्णायक पल रहा । उन्होंने कहा आरसीबी केकेआर मैच से पहले केकेआर कैच लपकने के मामले में बेहतरीन थी लेकिन यह कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा।