श्रमिकों पर मेहरबान हुई यूपी सरकार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। आज श्रम दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी श्रमिक भाई-बहनों को बधाई दी और उनका हार्दिक अभिनन्दन किया। सीएम योगी ने कहा कि अपने परिश्रम से उत्तर प्रदेश को भारत के अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश बनाने वाले सभी श्रमिक बहनों और भाइयों को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन। उन्होंने कहा कि हमारा श्रमिक जिस भी क्षेत्र में काम करता है, सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी, तूफान या लू कुछ भी हो, वह न रुकता है, न थकता है, न डिगता है। आपके पसीने की एक-एक बूंद जब धरती पर पड़ती है तो यह धरती माता सोना उगलती है।


सीएम योगी ने कहा कि आपदा की चपेट में आने पर पहले बटाईदारों और श्रमिकों को कोई सहायता नहीं मिलती थी। हमारी सरकार ने उन्हें पांच लाख के ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा’ से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष हम 700 से 1000 करोड़ तक की सहायता अपने श्रमिक भाई-बहनों और बटाईदारों को प्रदान करते हैं। इसमें आकाशीय बिजली, तूफान, आंधी या अन्य आपदाओं के कारण दुर्घटना का शिकार होने वालों को दी जाती है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश के लोगों को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिल रहा है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में ही 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 18 कमिश्नरी में एक-एक अटल आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं। यहां प्रत्येक विद्यालय में 1,000 बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था है। अब श्रमिक का बच्चा श्रमिक नहीं रहेगा, बल्कि वह भी अधिकारियों की श्रेणी में खड़ा होगा। परिवर्तन की प्रक्रिया यहां से प्रारंभ हुई है।


श्रमशक्ति का सम्मान, समृद्ध उत्तर प्रदेश की पहचान
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह’ 2026, का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा में 7 एकड़ में ईएसआईसी हॉस्पिटल के लिए भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही यमुना क्षेत्र में पांच एकड़ में भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया गया। श्रमिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर प्रदेश के श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अटल आवासीय विद्यालय के प्रथम बैच के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं टैबलेट प्रदान किए गए। साथ ही प्रयागराज और वाराणसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों तथा अपने श्रम से देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया। 


गौतमबुद्ध नगर में मेगा जांच कैंप 
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि यूपी में श्रमिकों को तमाम योजनाओं के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं। नोएडा, जेवर एवं दादरी क्षेत्र में कई योजनाओं की घोषणाएं की गर्इं। उन्होंने बताया कि जनपद में 67 निजी अस्पतालों द्वारा श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर कैंपों का आयोजन किया गया। इसके अलावा सभी सरकारी 134 अस्पतालों के अलावा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों ने निशुल्क स्वास्थ्य शिविर कैंपों का आयोजन किया। डीएम मेधा रूपम ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उन्हें अन्य उपकरण भी मुहैया कराए जा रहे हैं। जैसे आंखों की जांच के बाद जिन्हें परेशानी हो रही है तो तमाम एनजीओ हैं जिनके द्वारा निशुल्क चश्मा भी दिए जा रहे हैं। इसके अलावा वैंस के द्वारा श्रमिकों की जांच एवं दवाइयां आदि दी जा रही हैं आगामी दिनों में अनवरत जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि इन वैंस में बेहतर सुविधाएं हैं जैसे डेंटल वैंस में सर्जरी तक की सुविधाएं हैं। इसके अलावा उद्यमियों की ओर से भी आॅन साइड क्लीनिक खोले गए हैं। 


70 से अधिक खोले गए क्रेच
गौतमबुद्ध नगर जनपद के औद्योगिक क्षेत्र में 70 से अधिक क्रेच खोले गए हैं। अगर महिला श्रमिक यहां अपने बच्चों को रखना चाहेंगी तो यहां रख सकेंगी। क्रेच में महिला केयरटेकर भी उपलब्ध रहेंगी। डीएम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के परिवार ने मिलकर श्रमिकों के लिए बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। स्वास्थ्य एटीएम आदि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रमिकों के लिए उचित दाम में क्वालिटी फूड की भी शुरुआत की गई है। मेधा रूपम ने कहा कि सभी श्रमिक भाई-बहन एक परिवार जनपद गौतमबुद्ध नगर जनपद का एक परिवार हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों के लिए बहुत ज्यादा चिंता जताई और ढेर सारी सुविधाएं शुरू की हैं।