युद्ध के डर से भयभीत पाकिस्तान, बोला, भारत कर रहा हमले की तैयारी

जनप्रवाद ब्यूरो। अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान में डर का माहौल है। रात भर भीषण झड़प के बाद अफगान सेना बॉर्डर पार कर पााकिस्तान में घुस गई। सेना ने पाकिस्तान की आठ चौकियों पर कब्जा कर लिया है। इसी बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने दावा किया कि भारत एक और युद्ध की तैयारी कर रहा है।
भीषण संकट से जूझ रहा पाकिस्तान

पश्चिम एशिया इस समय भीषण संकट से जूझ रहा है। एक ओर जहां अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच भीषण युद्ध चल रहा है वहीं इसकी चपेट में पाकिस्तान भी आ गया है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर झड़पें तेज हो गई हैं। अफगानिस्तान की तालिबान सेना ने सीमा पार करके पाकिस्तान में हमला किया है। इसके बाद कई मिलिट्री पोस्ट पर कब्जा कर लिया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अफगान सेना ने कंधार और जाबुल प्रांतों में डूरंड लाइन को पार कर हमला किया। मंत्रालय के डेप्युटी प्रवक्ता सेदिकुल्लाह नुसरत ने बताया कि कंधार में पांच, खोस्त में दो और जाबुल में एक पोस्ट पर कब्जा किया गया। पता चला है कि अभी भी झड़पें जारी हैं। सूत्रों ने बताया कि कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक में अफगान सैनिकों ने सीमा पार करके तीन पाकिस्तानी मिलिट्री पोस्ट पर कब्जा कर लिया। तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि एक को जिंदा पकड़ लिया गया है।
पाकिस्तान ने ड्रोन को मार गिराया

अफगान सेना ने दावा किया है कि तालिबान के शासन वाली सेना ने पाकिस्तान के एक और ड्रोन को मार गिराया है। इसे जाबुल प्रांत के शामुलजई जिले में उस समय गिराया गया जब यह टारगेट पर हमला करने की तरफ बढ़ रहा था। तालिबानी सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि अफगान सेना ने पाकिस्तान के कुल 4 ड्रोन मार गिराए हैं। बता दें कि इससे पहले ईरान ने भी पाकिस्तान के एयरबेस पर हमले किए थे। इन हमलों से पाकिस्तान में डर का माहौल इस कदर फैल गया है कि वहां के राष्ट्रपति अचानक अजीब बयान देने लगे हैं।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी

डर के माहौल के बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने पाकिस्तानी संसद ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भारत एक और बड़े युद्ध की तैयारी कर रहा है। इस बारे में जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए फिर से भारत कार्ड खेल रहा है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का ताजा बयान इसी ओर इशारा करता है। संसद में उन्होंने कहा कि हम भारत से बातचीत को तैयार हैं। उन्होंने गीदड़ भभकी देते हुए कहा कि अगर भारत फिर से पाकिस्तान पर हमला करता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान जिम्मेदार परमाणु राष्ट्र है। एक रिपोर्ट के अनुसार जरदारी का यह बयान बता रहा है कि पाकिस्तान में किस तरह खौफ का माहौल है।
पाकिस्तान में आंतरिक गृह युद्ध का खतरा

ईरान के हमले और तालिबान के साथ संघर्ष के बीच पाकिस्तान में आंतरिक गृह युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान की सरकार अमेरिका के साथ है तो वहां का आवाम ईरान के साथ खड़ा नजर आ रहा है। ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों और सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन तेज हो गए हैं। कराची से लेकर पीओके तक भड़की इस हिंसा में अब तक 35 नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से इन लोगों की मौत हुई है। फिलहाल पाकिस्तान ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हिंसक प्रदर्शन के दौरान कराची में 16 लोगों की जान गई। इसके अलावा गिलगित में 7, कुर्द में 6 और इस्लामाबाद में भी 6 नागरिकों की मौत हुई है। हालात बिगड़ने पर देर रात पंजाब सरकार ने अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है।