जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय इजरायल दौरे पर कांग्रेस ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इस दौरे को लेकर नैतिक कायरता करार दिया। पार्टी ने कहा कि पीएम मोदी ऐसे समय में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मिलने जा रहे हैं जब पूरी दुनिया इजरायली पीएम की आलोचना कर रही है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पीएम इजरायली संसद को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष पुरुष, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का उल्लेख करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे।

वहीं, जयराम रमेश ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अत्यधिक निकटता दिखा रहे हैं और गाजा की स्थिति बदलने तथा अवैध बस्तियों के विस्तार जैसे विवादित कदमों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने भारत की पारंपरिक स्थिति को रेखांकित करने के लिए ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख किया।उन्होंने एक्स पर लिखा कि 20 मई 1960 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने गाजा का दौरा किया था और संयुक्त राष्ट्र आपातकालीन बल के तहत सेवा दे रहे भारतीय सैनिकों से मुलाकात की थी। 29 नवंबर 1981 को भारत ने फिलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए स्मारक डाक टिकट जारी किया। वहीं 18 नवंबर 1988 को भारत ने आधिकारिक रूप से फिलिस्तीन को स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता दी।
‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए जयराम रमेश ने लिखा कि वह एक अलग दौर था। अब भारत के प्रधानमंत्री बेशर्मी से उस इजरायली प्रधानमंत्री को गले लगा रहे हैं, जिसने गाजा को मलबे में बदल दिया है। इस समय पूरी दुनिया उनके ‘प्रिय मित्र’ की आलोचना कर रही है तब पीएम मोदी नैतिक कायरता का प्रदर्शन कर रहे होंगे।
प्रियंका गांधी ने की न्याय की मांग
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी इजरायल संसद को संबोधित करते हुए गाजा के हालात पर चर्चा करेंगे।

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि मुझे आशा है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अपनी आगामी इजरायल यात्रा पर नेसेट को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष लोगों के नरसंहार का उल्लेख करेंगे। उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत अपने पूरे इतिहास में जो सही है, उसके लिए खड़ा रहा है। कांग्रेस के इस विरोध के बाद भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रियंका गांधी वाड्रा को गजनी बताया।
बता दें कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वे आतंक को पूरी तरह से खत्म करना चाहते हैं। वहीं इजरायल भी यही चाहता है और वह पीएम मोदी का समर्थन करता है।





