जन प्रवाद, ब्यूरो।
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद आगरा में आगरा मण्डल के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठककी। बैठक में लोक निर्माण विभाग की कार्य योजना, जनपदीय विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर समयबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण सड़कों की सुरक्षा, निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान तथा आगरा महानगर की आधारभूत सुविधाओं को मेट्रो शहर के अनुरूप सुदृढ़ बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं।

इससे पूर्व सीएम योगी ने जनपद हाथरस में 548 करोड़ से अधिक लागत की 143 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक व आवास की चाबी, स्मार्टफोन एवं आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान है। विकास की प्रक्रिया को निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।





