अमरोहा, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में वैगनआर कार के ट्रक से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के ख्यालीपुर ढाल स्थित नयारा पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतकों में रामपुर निवासी कार चालक मोहम्मद सलमान तथा पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी नसीम, हारिस और माशूक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी युवक वाराणसी के एक मदरसे के छात्र थे। वे हाल ही में बरेली आए थे और दिल्ली होते हुए वाराणसी जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी सुन्नत और हसनैन के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। कटारिया के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि कार तेज गति में थी और चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
—-
मथुरा में बेकाबू कंटेनर ट्रक ने चार लोगों को कुचला, दो की मौत
मथुरा, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में नयति अस्पताल के पास सुबह करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। थाना प्रभारी रवि त्यागी के अनुसार, दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा एक कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर विपरीत दिशा में सड़क के किनारे स्थित चाय की एक दुकान के बाहर खड़े चार लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, चंदौली छाता निवासी ललित (26) और एक अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, नारी छाता निवासी तेजपाल (45) और एटा जिले के गगनपुर निवासी विकास (22) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर ट्रक जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।





