स्ट्रेट आफ होर्मुज में इंडियन शिप पर ड्रोन अटैक, समंदर में समा गया जहाज,

नयी दिल्ली, एजेंसी। इंडियन शिप 'हाजी अली' सोमालिया के बरबरा से शारजाह की ओर जा रहा था, तभी होर्मुज में ओमान के समुद्री तट पर इस हमला हुआ। हमला इतना ताकतवर था कि कुछ ही पलों में जहाज पानी में डूबने लगा। क्रू के सदस्यों ने लाइफ बोट का इस्तेमाल कर जान बचाई। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक व्यावसायिक जहाज पर हमला हुआ है, लेकिन उसके चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। यह अभी पता नहीं चल पाया है कि बुधवार को जहाज पर हमला किसने किया। विदेश मंत्रालय ने इस हमले को अस्वीकार्य बताया। उसने कहा, कल ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य है और हम इस बात की निंदा करते हैं कि व्यावसायिक जहाजों और आम नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा, जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और हम उन्हें बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों को धन्यवाद देते हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस बात को दोहराता है कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने और बेगुनाह चालक दल सदस्यों को खतरे में डालने, या किसी और तरह से नौवहन और वाणिज्य की स्वतंत्रता में रुकावट डालने से बचना चाहिए।