होर्मुज पर बढ़ता जा रहा संकट, ट्रंप ने ईरान को दे दी सख्त चेतावनी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान तनाव कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। होर्मुज पर अमेरिकी बेड़े ने ईरान की चिंता को और बढ़ा दिया है। इससे भारत सहित कई देश प्रभावित हैं। वहां से तेल के जहाज पूरी तरह से रोक दिए गए हैं। ईरान द्वारा भारतीय जहाजों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। वहीं बढ़ते तनाव के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकार वार्ता के दौरान ईरान को कड़ी चेतावनी दे दी है। हालांकि, ट्रंप ने परमाणु बम के प्रयोग से मना किया लेकिन ईरान को सख्त लहजे में कहा कि शांतिवार्ता का समय धीरे-धीरे निकलता जा रहा है। उन्होंने यह बयान ऐसे समय पर दिया जब मध्य पूर्व में उनका तीसरा विमानवाहक पोत पहुंच चुका है।

 

यही नहीं तेहरान के आसमान पर धमाकों की आवाज भी सुनी गई है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने ईरान की सैन्य शक्ति को पारंपरिक तरीके से खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों का प्रयोग कभी नहीं करना चाहिए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मेरे पास दुनिया का सारा समय है, लेकिन ईरान के पास नहीं है। ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज पर उनकी नाकेबंदी बहुत मजबूत है।


बता दें कि होर्मुज पर इन दिनों स्थिति बेहद खराब है। ईरानी सेना की जहाजों पर पूरी तरह से नजर है। भारत के कई जहाजों पर गोलीबारी भी की जा चुकी है। अब अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार यूएसएस एचडब्ल्यू बुश विमानवाहक पोत मध्य पूर्व पहुंच गया है। अब इस क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोत तैनात हैं, जिनमें से एक लाल सागर में है। वहीं दुनिया के कुल तेल और एलएनजी निर्यात का पांचवां हिस्सा जिस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज मार्ग से गुजरता है।