झमाझम बारिश से सड़कों पर भरा पानी, स्कूली छात्र बा दुपहिया वाहन चालक हुए परेशान

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। सावन के अंतिम सोमवार को नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। नोएडा में जहां दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई वहीं स्कूल में छुट्टी के दौरान जलभराव में छात्रों को परेशान किया। नोएडा के सेक्टर-59 में कई आॅफिस के बाहर जलभराव हो गया जिससे लोगों को कंपनी से बाहर निकलने में परेशानी हुई। 


इसके अलावा दिल्ली में भी जगह-जगह जलभराव हुआ। संगम विहार, दुर्गा विहार और कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में 3-4 फीट तक पानी भर गया। साथ ही घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, सड़कों पर गाड़ियां फंस गईं।


बता दें कि यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। 19 जिलों में बाढ़ ने लोगों के जन जीवन को प्रभावित कर रखा है। करीब 92 गांवों में फसलें खराब हुई हैं, जबकि 26 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। काशी में गंगा का पानी बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी डूब गई। प्रयागराज के दारागंज घाट का शमशान डूब गया, जिससे सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। ललितपुर में एक युवक की बाइक पुल पर पानी के तेज बहाव में बह गई।


वहीं मध्य प्रदेश के जबलपुर चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तेज बारिश हुई। अशोकनगर में युवक बाइक समेत बह गया। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है। बात अगर छत्तीसगढ़ की करें तो यहां मुंगेली में पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे 3 बच्चे घोंघा नदी में बह गए। बलरामपुर में भी कन्हर नदी पार कर रहा युवक तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश जारी है।