बारिश और बाढ़ से देश में हालात भयावह, 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। बारिश और बाढ़ से देश में हालात भयावह हो चुके हैं। पूर्वोत्तर का राज्य असम बाढ़ की विभीभिषका झेल रहा है। वहीं मौसम विभाग ने 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में फ्लैश फ्लड और क्लाउडबर्स्ट ने हालात बिगाड़ दिए हैं। वहीं बारिश की वजह से आज यूपी के प्रतापढ़ में घर गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई।
अपने पूरे शबाब पर मॉनसून 


देश के कई हिस्सों में मॉनसून अपने पूरे शबाब पर है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज सुबह भी तेज बारिश हुई। आसमान में काले बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। बीच-बीच में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी पड़ी। इस बीच मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में अगले कुछ दिन तक मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है। राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगह रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। नए जारी मौसम मानचित्र में भी पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को भारी बारिश की श्रेणी में रखा गया है। यूपी के प्रतापढ़ जिले के कोतवाली पुलिस स्टेशन इलाके के महूली मोहल्ले में भारी बारिश के दौरान लगभग 100 साल पुराना मकान ढह गया। इसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। एक अन्य घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि जब घर का ढांचा गिरा, तो परिवार के सभी सात सदस्य सो रहे थे। मरने वालों में एक दंपती, उनका बेटा, बहू और दो बच्चे शामिल हैं। बता दें कि झारखंड में भी मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया था। गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में कुल 14 लोगों की जान गई थी। जबकि चार अन्य घायल हो गए थे। 
गोवा में भारी बारिश की संभावना 


मौसम विभाग ने उत्तराखंड, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल में मध्यम और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार और ओडिशा को लेकर चेतावनी दी है। साथ झारखंड, असम, मेघालय, महाराष्ट्र, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 8 अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।  उत्तराखंड में लगातार बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ को आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है। आज देहरादून, चमोली और बागेश्वर में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों और पर्यटकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। उरी के बोनियार इलाके के लाचीपुरा में तेज बारिश के बाद स्थानीय नालों में अचानक पानी बढ़ गया। इससे फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन गई और बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। 
नवसारी में 2200 मिमी बारिश 

नवसारी जिले में इस मॉनसून सीजन में अब तक करीब 2200 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 115 प्रतिशत अधिक है। अत्यधिक बारिश से किसानों, पोहा उद्योग और डायमंड इंडस्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है। दस दिनों से खेतों में पानी भरने से धान व गन्ने की फसल लगभग पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।  इसी तरह केरल में भी मॉनसून का असर गंभीर बना हुआ है। राज्य सरकार के मुताबिक बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जुड़ी घटनाओं में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 11 लोग घायल और चार अब भी लापता हैं। राज्यभर में 462 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। पूर्वोत्तर में भी बाढ़ का संकट गहरा गया है।  असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश के बीच राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है। पांच जिलों में 1 लाख 22 हजार प्रभावित हुए हैं।  केंंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित असम का दौरा किया। उन्होंने कहा कि तबाही का पैमाना इतना बड़ा है कि सामान्य स्थिति बहाल होने में समय लगेगा। नड्डा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ असम-नागालैंड सीमा पर स्थित नेपालीखुटी इलाके का दौरा किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।