जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा सहित दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार तड़के झमाझम बारिश हुई। नोएडा, गाजियाबाद सहित पूरे एनसीआर में सुबह करीब चार बजे शुरू हुई बारिश लगातार जारी है। तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से सड़क पानी से भर गर्इं। सुबह हल्की बारिश में बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। अचानक तेज बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार शाम से ही मौसम बदल गया था। तेज और ठंडी हवाओं से ऐसा लग रहा था कि कहीं न कहीं बारिश हो रही है।

बता दें कि नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़ समेत 5 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ में लगातार 15वें दिन भी बाढ़ की चपेट में है। कॉलोनियों में कमर तक पानी भरा हुआ है। 40 हजार से ज्यादा घर अब भी जलमग्न हैं। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में भी घुटनों तक पानी भरा है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के केदारनाथ और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। नैनीताल में भारी ओले गिरे, जबकि ऋषिकेश, देहरादून और मसूरी में तेज बारिश हुई। देहरादून समेत 8 जिलों में आज बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के मनाली, चंबा और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में बारिश-बर्फबारी से ठंड में इजाफा हुआ है। नेपाल में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडक नदी में अचानक बाढ़ आने से बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित वाल्मीकि नगर बैराज पर पानी का बहाव बढ़ने की संभावना है। बिहार के 8 जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है।

राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। बीकानेर के लूणकरणसर में ओले भी गिरे। इन जिलों में 13 से 15 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार तड़के दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारी बारिश से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा। दिल्ली एनसीआर में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। गौतमबुद्ध नगर के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है।

इस बारिश के बाद हवा में ठंड अपनी अलग ही छठा बिखेरने लगी है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। लोगों को अब ठंड का अहसास होने लगा है, जो कि इस मौसम में सामान्य है। यह मौसमी बदलाव भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुरूप है। हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा था, जिसमें कभी तेज गर्मी तो कभी हल्की बूंदाबांदी शामिल थी।





