पूर्वी यूपी में आंधी के साथ झमाझम बारिश, दिल्ली-एनसीआर में खिली धूप, मौसम रहा सुहावना

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश शुरू हो चुकी है। पूर्वी जनपदों में प्री मानसून एक्टिव हो गया है। सुबह करीब आठ बजे लखनऊ में तेज तूफान आया और अचानक से अंधेरा छा गया। कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। लखनऊ के साथ ही कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, फर्रूखाबाद, हाथरस, संभल और उन्नाव में भी जोरदार बारिश हुई। 


इसके साथ ही हाथरस व आसपास के क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हुई। यहां की सड़कें तालाब में तब्दील हो गर्इं। वहीं कानपुर में इतना पानी बरस रहा है कि घरों के अंदर तक पानी भर गया। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में सुबह से ही बादल और धूप की लुकाछिपी देखने को मिल रही है। वैसे मौसम विभाग ने आज 54 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 22 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी है।


हालांकि, दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। शनिवार सुबह मौसम सुहावना था। धूप खिली हुई थी लेकिन गर्मी का एहसास नहीं हो रहा था। मौसम विभाग ने लखनऊ में अगले 3 घंटों में तूफान का अलर्ट जारी किया है। मोबाइल पर भेजे अलर्ट मैसेज में कहा गया है कि कई स्थानों पर बिजली चमक सकती है। तूफान आ सकता है। हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इसके असर से प्री-मानसून ने जोर पकड़ लिया है। ऐसे में आंधी और बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 15 शहरों में बारिश हुई। 40.8 डिग्री तापमान के साथ जालौन सबसे गर्म रहा। नोएडा का मौसम भी सुहावना रहा। आसमान साफ रहने के कारण धूप खिली रही लेकिन रात में हुई हल्की बारिश के कारण ज्यादा गर्मी का एहसास नहीं हुआ।