जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। जीवन का अंत यानी मृत्यु ऐसा रहस्य है जिसे आज तक कोई जान नहीं पाया। ज्ञानी से ज्ञानी संत भी इस रहस्य को पूरी तरह सुलझा नहीं पाए। अब एक महिला ने इस रहस्य से पर्दा उठाया है। इस कहानी को जानने के लिए देखिए पूरा वीडियो
सदियों से इंसानों के मन में एक सवाल
सदियों से इंसानों के मन में एक सवाल हमेशा से उठता रहा है। वह यह है कि मृत्यु के बाद क्या होता है? क्या वाकई कोई पारलौकिक दुनिया है? अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना की पामेला नैंस ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है। उनके अनुसार उन्होंने न सिर्फ उस दुनिया को देखा है, बल्कि वहां 4 दिन बिताकर वापस भी आई हैं। लोगों को उनकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लग रही है। कहानी की शुरुआत उस समय होती है जब पामेला नेंस एक तरफ अपनी पढ़ाई और करियर के सपने बुन रही थीं। वे एक रेस्टोरेंट में काम करती थी। एक शाम रेस्टोरेंट में काम करते समय उनके पेट में तेज दर्द उठा। जिसे उन्होंने मामूली अल्सर समझकर नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद फिर काम के दौरान उन्हें पेट में तेज दर्द हुआ। अचानक अंदरूनी ब्लीडिंग शुरू हो गई। अगले दिन हालत बिगड़ती गई और घर पहुंचने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनके पति ने तुरंत इमरजेंसी सर्विस को कॉल किया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनको बचाने का भरसक प्रयास किया। कई दिनों के इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें क्लीनिकली डेड घोषित कर दिया।
चार दिन तक मौत के करीब रहीं
उनका कहना है कि वह चार दिन तक मौत के करीब रहीं और इस दौरान उन्होंने परलोक का अनुभव किया। महिला का दावा है कि उसने खुद को एक खूबसूरत पहाड़ी इलाके में खड़ा पाया। जहां बर्फ से ढकी पहाड़ियां और हरी-भरी घाटियां थीं। उनके अनुसार वहां के रंग और माहौल इतने अद्भुत थे कि उन्हें शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्हें ऐसा लगा जैसे वह किसी ऊर्जा का हिस्सा बन गई हों। वे इंसानी शरीर से अलग हो चुकी थी। इस अनुभव के दौरान उन्होंने कई जानवरों को अपने आसपास महसूस किया। उनका अपार प्रेम महसूस किया। तभी उन्हें अपना पालतू कुत्ता हॉली दिखाई दिया। वह भी कुछ समय पहले ही मर चुका था। वह उसे देखकर भावुक हो गईं और बताया कि वह पल उनके जीवन का सबसे खूबसूरत अनुभव था, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इस दौरान उन्हें एक बौद्ध भिक्षु भी दिखे, जिन्होंने उन्हें जीवन का सही सार समझाया।
दूर से पति की आवाज सुनाई दी
महिला ने बताया कि दूर से उन्हें अपने पति की आवाज सुनाई दी, जो उन्हें पुकार रहे थे। इसके बाद उन्हें लगा कि कोई ताकत उन्हें वापस खींच रही है। जब उन्होंने आंखें खोलीं, तो वह अस्पताल में ही थीं। शरीर में हलचल होने के बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। कुछ दिनों के इलाज के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गईं। इस अनुभव के बाद उन्होंने कहा कि उनकी सोच पूरी तरह बदल गई। उन्हें जीवन का असली अर्थ समझ में आया कि हम सभी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्यार ही सबसे बड़ी ताकत है। आज पामेला कहती हैं कि मौत कोई अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उनका मानना है कि हम सभी प्यार से जुड़े हैं और डर ही एकमात्र चीज है, जो हमें एक-दूसरे से दूर करती है। उनका मानना है कि हमारा असली घर उस पार ही है।





