जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से भगवान भास्कर ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। यूपी के कई जनपदों में आग बरस रही है। बांदा, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी सहित कई जिलों में गर्मी लोगों को झुलसा रही है। मंगलवार को मौसम विभाग ने यूपी के 16 जनपदों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार मौसमी चक्रों में फिर से बदलाव हो रहा है। ऐसे में मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में हीट वेव के आसार हैं। वहीं 11 जून से मौसम बदलने और लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा जिससे पूरे प्रदेश में फिर से आंधी और बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार यानी नौ जून को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभागों मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके अलावा बुधवार और गुरुवार को दोनों ही संभागों में कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ बारिश पड़ सकती है। साथ ही प्रदेश के कुछ इलाकों में 10 और 11 जून को हीटवेव चलने की भी संभावना है। बुधवार यानी 10 जून को पश्चिमी यूपी में कहीं बादलों की गरज के साथ वज्रपात की संभावना है। इसके अलावा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। वहीं 12 जून को पश्चिमी यूपी में 50 से 60 किमी की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी।





