उत्तर भारत में भीषण लू का कहर, राजस्थान में 47 डिग्री तापमान

जनप्रवाद संवाददाता नई दिल्ली। पूरा उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत सोमवार को भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। राजस्थान के बाड़मेर में पारा पिछले 24 घंटों में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली एनसीआर के शहरों में दिन का तापमान 42 ये 43 डिग्री तक दर्ज किया गया। यूपी के बांदा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री पहुंच गया।

जोधपुर में गहराया जल संकट

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच जोधपुर जिला जल संकट का सामना कर रहा है और अधिकारियों का कहना है कि रखरखाव कार्य के लिए वार्षिक बंदी के बाद पंजाब के हरिके बैराज से इंदिरा गांधी नहर में पानी छोड़े जाने में देरी के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी ने बताया कि पंजाब सरकार की अधिसूचना के अनुसार नहर को 10 मई तक बंद रखा जाना था और 11 मई से हरिके बैराज से पानी छोड़ा जाना निर्धारित था। उन्होंने कहा, कि पंजाब क्षेत्र में मरम्मत और तकनीकी कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़े जाने में देरी हुई। सोलंकी ने बताया कि 14 मई से चरणबद्ध तरीके से हरिके बैराज से नहर में पानी छोड़ा गया। विभाग को उम्मीद है कि यह पानी 20 मई की रात या 21 मई की सुबह तक जोधपुर के कायलाना झील और तख्त सागर जलाशयों तक पहुंच जाएगा, जो शहर के प्रमुख जल स्रोत हैं।
अन्य राज्यों में बुरा हाल

देश में अधिकतम बिजली मांग सोमवार को 257.37 गीगावाट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इसका मुख्य कारण भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर (एसी) और डेजर्ट कूलर जैसे शीतलन उपकरणों का बढ़ता उपयोग रहा। विद्युत मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दर्ज यह मांग 25 अप्रैल 2026 को दोपहर तीन बजकर 38 मिनट पर दर्ज 256.11 गीगावाट के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को दोपहर तीन बजकर 42 मिनट पर अधिकतम मांग 257.37 गीगावाट दर्ज की गई और इसे पूरी तरह पूरा किया गया। विद्युत मंत्रालय का अनुमान है कि इस गर्मी में देश की अधिकतम बिजली मांग 270 गीगावाट तक पहुंच सकती है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में इस सप्ताह लू चलने का अनुमान लगाया है जहां कई स्थानों पर तापमान सोमवार को 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार से 24 मई तक लू चलने के आसार हैं जबकि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार से लू तथा भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
पंजाब में अधिकतम तापमान 47 डिग्री 


पंजाब के भटिंडा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आने वाले सप्ताह में भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। सोमवार को तेज गर्म हवाओं और झुलसाने वाली गर्मी के कारण दिन में आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। देश में अप्रैल से ही तापमान बढ़ने के साथ बिजली की अधिकतम मांग में वृद्धि हुई है। मई में यह और बढ़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में वृद्धि और घरेलू तथा व्यावसायिक उपभोक्ताओं द्वारा एयर कंडीशनर, एयर कूलर और अन्य उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण बिजली की मांग एवं खपत आगे और बढ़ सकती है। आईएमडी ने इस वर्ष भीषण गर्मी रहने का अनुमान लगाया है। पिछले वर्ष, जून 2025 में अधिकतम बिजली मांग 242.77 गीगावाट दर्ज की गई थी जो सरकार के 277 गीगावाट के अनुमान से कम रही थी। मई 2024 में अधिकतम बिजली मांग 250 गीगावाट रही थी जो उस समय का रिकॉर्ड था और सितंबर 2023 में दर्ज 243.27 गीगावाट के पिछले उच्च स्तर से अधिक था।
तीन दिन में 3 डिग्री बढ़ेगा तापमान
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है। यूपी के पश्चिमी हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, राजस्थान में गर्म रातों से लोग बेहाल हैं।